‘एक पाती अलवर के नाम’ | 23.03.2026

23/03/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आज यह पाती बड़े भारी मन से लिख रहा हूँ। बीते सप्ताह मैंने अलवर में अपनी टीम के एक नौजवान सदस्य को खोया। पंकज की तबीयत खराब हुई तो भी हमने नहीं सोचा कि वो हमें छोड़कर चला जाएगा। हम आश्वस्त थे कि पंकज ठीक हो जाएगा। एक सरल, सौम्य और कर्तव्यनिष्ठ युवा साथी का असमय जाना मेरे लिए हृदयविदारक घटना है। ऐसी हर घटना हमें जीवन की नश्वरता का आभास कराती है और यह बताती है कि धरती पर हमारा समय सीमित है, इसलिए जब तक जीवन है, उसे प्रेम, करुणा और उद्देश्य के साथ जीना चाहिए।

अलवर में विकास की धारा बहती रहे, यही हमारा उद्देश्य है।

बीते सप्ताह इस विकास गाथा को आगे बढ़ाने के लिए कई अहम कार्य हुए।

रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना के लिए 191 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन की FLS, यानी फाइनल लोकेशन सर्वे, के लिए ₹5.73 करोड़ के आवंटन को स्वीकृति मिल गई। यह रेल लाइन पूरे क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके निर्माण से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।

यह परियोजना नीमराना जैसे औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। साथ ही, स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

कुल मिलाकर, यह रेल लाइन क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक प्रगति और आमजन की सुविधा को एक नई दिशा देने का कार्य करेगी।

जहाँ हम सुगम यात्रा और औद्योगिक विकास के लिए रेल पटरी पर एक महत्वपूर्ण कार्य करने में सफल रहे, वहीं बीते सप्ताह अलवर के युवा खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ी सौगात मिली।

विवेकानंद यूथ हॉस्टल का निर्माण कार्य पूरा कर यह सुविधा खेल विभाग को सौंप दी गई है। अंबेडकर नगर, अलवर में ₹2.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, 50 बिस्तरों की क्षमता और पूर्ण एयर-कंडीशनिंग से युक्त यह हॉस्टल खेल विद्यार्थियों को बेहतर आवास एवं सहायक सुविधाएँ प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बीते सप्ताह सरकार की बजट घोषणा के तहत अलवर में किसान, पशुपालक एवं आमजन को आर्थिक संबल एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरस बूथ आवंटियों को 20 सरस बूथ के आवंटन पत्र वितरित किए गए।

यह पहल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरस बूथों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, किसानों और पशुपालकों को अपनी उपज एवं उत्पादों की बेहतर बिक्री का अवसर मिलेगा।

इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में सतत रोजगार सृजन की नई संभावनाएँ विकसित होंगी।

सरस में हम नई ऊर्जा, नवाचार और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अब ज़मीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।

सरस डेयरी के कलाकंद की बिक्री में उल्लेखनीय और रिकॉर्ड वृद्धि इसका सशक्त उदाहरण है। जहाँ नवम्बर 2025 में 404 किलोग्राम बिक्री हुई थी, वहीं फरवरी 2026 में यह बढ़कर 3,217 किलोग्राम तक पहुँच गई है।

यह वृद्धि न केवल उत्पाद की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है, बल्कि गुणवत्ता, विश्वास और बेहतर विपणन रणनीति का भी प्रमाण है। इससे दुग्ध उत्पादकों और संबंधित लोगों की आय में वृद्धि हो रही है तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

आगे भी हमारा प्रयास रहेगा कि सरस को और अधिक सशक्त बनाते हुए किसानों और पशुपालकों की समृद्धि सुनिश्चित की जाए।

जैसा कि मैंने शुरू में कहा, अलवर का अनवरत विकास मेरा उद्देश्य है और इस उद्देश्य का चरणबद्ध क्रियान्वयन मेरा संकल्प।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव