‘एक पाती अलवर के नाम’ | 06.04.2026

06/04/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आपको यह पाती लिखना मेरे लिए सप्ताह का सबसे सुखद अनुभव होता है। पर आज यह सुख कई गुना ज्यादा है, क्योंकि जिस पार्टी ने मुझे अलवर की सेवा का अवसर दिया, आज उस भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस है।

भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्रवाद और अंत्योदय की विचारधारा से प्रेरित एक जनआंदोलन है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र के साथ यह यात्रा निरंतर राष्ट्रनिर्माण को नई दिशा दे रही है। राष्ट्रवाद से प्रेरित, भाजपा साधारण कार्यकर्ताओं को इस राष्ट्रनिर्माण में अपना योगदान देने के लिए लगातार सशक्त बना रही है। आज भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों और आकांक्षाओं का सशक्त स्वर बन चुकी है जो सरकार के माध्यम से देशभर में विकास कार्यों को गति दे रही है।

सबसे पहले, आपको यह बताते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि लगभग ₹100 करोड़ की लागत से अलवर की कटी घाटी में प्रस्तावित चिड़ियाघर के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ₹25 करोड़ की अग्रिम राशि भी आवंटित कर दी गई है।

यह परियोजना अलवर के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगी। चिड़ियाघर के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को व्यापक आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। साथ ही, यह स्थान वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जहाँ बच्चों और युवाओं को जैव विविधता के प्रति जागरूक करने का अवसर मिलेगा।

इससे न केवल अलवर की पहचान एक प्रमुख पर्यटन और प्रकृति-आधारित आकर्षण के रूप में मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। हम जल्द इस चिड़ियाघर के निर्माण कार्य को पूरा कर अपना एक और वादा निभाएंगे।

अलवर के समग्र विकास की दिशा में एक और प्रयास सफल हुआ है, जिसकी जानकारी मैं आपसे साझा करना चाहता हूँ।

राजस्थान परिवहन के अंतर्गत हमने 6 नई वातानुकूलित बसों का संचालन शुरू किया है। इनमें से दो बसें अलवर डिपो से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ तक संचालित की जाएंगी। शेष चार बसें मत्स्य डिपो से संचालित होंगी, जिनमें से दो बसें अलवर से तिजारा-भिवाड़ी तथा दो बसें अलवर से थानागाजी-विराटनगर के बीच चलेंगी।
इन बस सेवाओं के प्रारंभ होने से यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन व्यवस्था भी अधिक सुदृढ़ होगी। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी तथा अलवर और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

दूसरी ओर, हम राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (RIICO) के माध्यम से ₹5.87 करोड़ की लागत से चोपांकी, पथरेड़ी, बंदापुर, खुशखेड़ा, टपूकड़ा और कारोली औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़कों की नियमित सफाई और रखरखाव, नालों एवं ड्रेनेज सिस्टम की डी-सिल्टिंग, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज की सफाई, स्ट्रीट लाइट्स का संचालन एवं रखरखाव, हाई मास्ट लाइट्स की देखरेख, कंक्रीट पोल की स्थापना, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और निस्तारण, पार्कों और पौधों का रखरखाव, ट्यूबवेल एवं जलापूर्ति पंपों की मरम्मत, जलापूर्ति लाइन और पाइपलाइन का रखरखाव भी करने जा रहे हैं। इन कार्यों के लिए RIICO ने इस खर्च को स्वीकृति दे दी है।

मैंने आपसे पहले भी पाती के माध्यम से कहा है कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ राष्ट्र की मूल आवश्यकता है। हम सभी जानते हैं कि खाने-पीने की चीज़ों में मिलावट आजकल जनसामान्य के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन चुकी है।

आज आपको यह बताते हुए मुझे अत्यंत गर्व का अनुभव हो रहा है कि हम सरस डेयरी के माध्यम से दूध में मिलावट पर पूरी तरह रोक लगाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठा रहे हैं। सरस डेयरी की नई गाड़ियों में हम बहुत ही कम खर्च पर आधुनिक तकनीक का उपयोग कर मिलावट पर गहरा प्रहार कर रहे हैं।

आपको यह जानकर खुशी होगी कि सरस डेयरी की सभी नई गाड़ियों पर कैमरे और जीपीएस उपकरण लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों और जीपीएस उपकरणों की निगरानी के लिए एक वॉर रूम बनाया गया है, जहाँ से इन गाड़ियों पर लगातार नज़र रखी जा रही है।

धीरे-धीरे हम इस निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे, ताकि आप अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रख सकें तथा बिना मिलावट के भय के शुद्ध दूध का उपयोग कर सकें।

कई अर्थों में यह पाती आपसे सीधा संवाद का माध्यम होने के साथ अलवर में मेरा साप्ताहिक प्रगति पत्र भी है।

आप इस पत्र पर अपने विचार और सुझाव मुझे शुरू से ही भेज रहे हैं, जो मुझे आपकी आकांक्षाओं के बारे में बताते हैं।

आज मैं आपको यह भी बताना चाहता हूँ कि अलवर के विधायक और राजस्थान सरकार में मंत्री श्री संजय शर्मा जी ने दो वर्षों का एक 12 सालः बढ़ता अलवर, बढ़ता राजस्थान' प्रगति पत्र प्रस्तुत किया है। इस पुस्तिका में अलवर में दो साल के विकास कार्यों का लेखा-जोखा है। मैंने यह पुस्तिका पढ़ी और मैं चाहूँगा आप सभी इसे पढ़ें। यह भाई संजय का एक सरहानीय कार्य है। अलवर में भाजपा के अन्य साथियों से भी मैं कहूँगा कि आप भी लोगों के बीच अपने प्रगति पत्र रखें।

आखिरकार, 47 साल पुरानी भाजपा जनकल्याण को समर्पित होने के साथ-साथ जनता के प्रति उत्तरदायी भी है।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव