‘एक पाती अलवर के नाम’ | 13.04.2026

13/04/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

सोमवार का दिन अहम बन गया है। हर सप्ताह सोमवार को ही मैं आपको यह पाती लिखता हूँ और आपसे सीधा संपर्क बना पाता हूँ।

विकास कार्यों की परियोजनाओं को बनाने और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में जितना सुख है उतना ही सुख आपको इन परियोजनाओं की सफलता के बारे में बताने में है।

यह सप्ताह बहुत ही ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण होने वाला है। देश की लोकतांत्रिक यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम सदन में प्रस्तुत होने वाला है। यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि भारत की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के अधिकारों और सशक्त भागीदारी का संकल्प है। यह कदम राजनीति और नीति-निर्माण में महिलाओं की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।

मेरा मानना है हमारी हर परियोजना के केंद्र में महिलाएँ होनी ही चाहिए। खेलों से लेकर ई-लाइब्रेरी तक, डेयरी से लेकर कौशल विकास तक, अलवर में हम हर क्षेत्र में महिलाओं की सशक्त भूमिका के लिए रास्ते बना रहे हैं। यह सिर्फ समावेशी विकास की आवश्यकता नहीं, अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए अनिवार्य है। इसी दिशा में हमने विगत समय में अलवर में ₹66.72 लाख की लागत से दो आधुनिक पिंक टॉयलेट बनाए हैं। इनमें महिलाओं के लिए सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

इन पिंक टॉयलेट में बेबी फीडिंग रूम, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन व इंसीनरेटर, वॉशरूम आदि की सुविधा है। तीन नए पिंक टॉयलेट तथा तीन निर्माणाधीन हैं, जिनका कार्य जल्द पूरा कर हम इन्हें भी स्वचालित कर सकेंगे। महिला शौचालयों का निर्माण केवल सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यस्थलों, बाजारों, फैक्ट्रियों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित शौचालय उपलब्ध होने से महिलाएँ अधिक आत्मविश्वास के साथ नौकरी, व्यापार और रोज़गार के अवसरों से जुड़ पाती हैं।

पर्याप्त सुविधाएँ होने से उनके काम के घंटे प्रभावित नहीं होते, जिससे उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि होती है।

अलवर के समावेशी विकास के लिए विगत सप्ताह एक और दिशा में महत्वपूर्ण रहा। अलवर में स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत ₹8.04 करोड़ का वितरण कर दिया गया है।
इस राशि से शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इसके माध्यम से धूल और वाहन प्रदूषण को कम करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने, सड़कों की बेहतर सफाई व्यवस्था, तथा वायु गुणवत्ता निगरानी तंत्र को मजबूत करने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेगा।

इससे न केवल नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिलेगा, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। स्वच्छ हवा बेहतर जीवन गुणवत्ता के साथ-साथ शहर को निवेश, पर्यटन और समग्र विकास के लिए भी अधिक आकर्षक बनाएगी।

मुझे आपको यह बताते खुशी हो रही है कि राजस्थान बजट घोषणा के क्रियान्वयन को आगे बढ़ाते हुए रैणी में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 24.63 हेक्टेयर भूमि का आवंटन कर दिया गया है। यह कदम क्षेत्र में औद्योगिक प्रगति को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा। इसके माध्यम से नए उद्योगों की स्थापना, निवेश के अवसरों में वृद्धि और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त होगा।

इस विकास से रैणी और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन में कमी आएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, बेहतर बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार से यह क्षेत्र विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।

यह सभी योजनाएँ समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करेंगी और अलवर लोकसभा क्षेत्र को समृद्धि के नए आयाम छूने का अवसर देंगी।

समाज का हर वर्ग आगे बढ़े यह सपना संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भी देखा था। कल बाबा साहेब की 135वीं जयंती है। आप सभी को बाबा साहेब की जयंती की शुभकामनाएँ।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव