Read in English | Read in Hindi
आप सभी को राम-राम। कल, यानी रविवार, का दिन मेरे लिए बहुत ही सुखद और संतोषजनक रहा। यह भी एक कारण है कि इस बार की पाती लिखने को मैं हर सप्ताह से अधिक उत्साहित था। कल लगभग तीन घंटे चली एक बैठक में हमने अलवर लोकसभा क्षेत्र में लगभग ₹10,000 करोड़ की लागत के विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर विस्तृत चर्चा की।
इस बैठक में राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास जी, वन मंत्री श्री संजय शर्मा जी सहित सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस बैठक में महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। बहुत लोग सोचते हैं कि बैठकों से कुछ निकलता नहीं। लेकिन कल की बैठक की खास बात यही रही कि हमने योजनाओं को सिर्फ आगे बढ़ाने पर सहमति ही नहीं जताई, बल्कि विकास योजनाओं को पूरा करने के लिए समय सीमा भी तय की।
आने वाले शुक्रवार, यानी 15 मई, को अलवर को कई सौगातें मिलने वाली हैं। उन सभी योजनाओं के बारे में मैं आपको अगली पाती में विस्तार से बताऊँगा।
लेकिन आज आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बीते सप्ताह ₹37.08 करोड़ की लागत से किशनगढ़ बास-खैरथल-बानसूर-कोटपूतली मार्ग (एमडीआर-25) की 62 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को स्वीकृति मिल गई। इस परियोजना के माध्यम से सड़क को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी।
सड़क के उन्नयन से स्थानीय व्यापार, कृषि परिवहन एवं औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा यात्रियों के समय और ईंधन की बचत भी सुनिश्चित होगी। यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसी के साथ, अलवर-बहरोड़-नारनौल मार्ग (एसएच-14) पर भी नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के तहत सड़क की गुणवत्ता में सुधार कर इसे अधिक सुरक्षित, सुगम एवं टिकाऊ बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। यह कार्य क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ अलवर, बहरोड़ एवं नारनौल के बीच बेहतर संपर्क स्थापित कर विकास को नई गति प्रदान करेगा।
सड़क व्यवस्था से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण परियोजना को विगत सप्ताह हरी झंडी दिखाई गई। दौसा-सरिस्का मार्ग पर टेहला से गोला का बास तक स्टेट हाईवे 29A के सुदृढ़ीकरण एवं विकास कार्य के लिए ₹36 करोड़ की लागत से वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है।
इस परियोजना से सड़क को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। सड़क उन्नयन से स्थानीय निवासियों, पर्यटकों एवं व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा तथा दौसा और सरिस्का के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
इस कार्य से क्षेत्रीय विकास को तो नई गति मिलेगी ही, साथ-साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
रविवार को हुई बैठक में अलवर लोकसभा क्षेत्र के प्रशासन का उत्साह और भागीदारी देखकर मैं आश्वस्त हूँ कि अलवर की विकास यात्रा भारत के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरेगी।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव