Read in English | Read in Hindi
विगत सप्ताह अलवर को नए आयामों से जोड़ने का एक अवसर बना। हम जिस समय में जी रहे हैं, वह वास्तव में डिजिटल प्रौद्योगिकी के प्रभाव का समय है। आज डिजिटल तकनीक केवल सुविधा का माध्यम नहीं रही, बल्कि पारदर्शी प्रशासन, विकास, नवाचार और मानव जीवन को नई दिशा देने की सबसे बड़ी शक्ति बन चुका है। सेमीकंडक्टर आज सूचना प्रौद्योगिकी (Information Technology) की पूरी दुनिया की आधारशिला बन चुके हैं। मोबाइल फोन, कंप्यूटर, इंटरनेट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, 5G नेटवर्क और डेटा सेंटर जैसी हर आधुनिक तकनीक सेमीकंडक्टर चिप्स पर आधारित है। वैश्विक स्तर पर जिन देशों के पास मजबूत सेमीकंडक्टर क्षमता है, वही तकनीक और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं।
इसकी शुरुआत हमने राजस्थान के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट के साथ 15 मई को भिवाड़ी में प्राइवेट सेक्टर के सहयोग और भागीदारी से पुरी की।
15 मई का दिन इस मायने से ऐतिहासिक रहा। लेकिन यह उस दिन शुरू की गयी विकास गाथा का सिर्फ एक अंश मात्र रहा। राजस्थान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और रेल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के साथ मैंने लगभग ₹450 करोड़ की बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जिसमें भारत के 'वेल्थ क्रिएटर्स' या निजी उद्योग का बहुत बड़ा योगदान है।
जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ उनमें भिवाड़ी का इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर सम्मिलित है जहाँ लगभग 20 व्यावसायिक संगठन निवेश करेंगे। इन संगठनों में साहस्रा सेमीकंडक्टर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ₹135 करोड़ की लागत से यूनिट निर्माण किया गया।
सेमीकंडक्टर उद्योग का यह आगमन युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई शक्ति देगा।
यह केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि भिवाड़ी समेत पूरे राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य, नई संभावनाओं और विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
भिवाड़ी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में लगभग ₹305 करोड़ की लागत से उद्योग लगाए जा रहे हैं जो क्षेत्र की समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेंगे।
15 मई को एक और अत्यंत महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया गया। यातायात को सुगम बनाने और विकास को गति देने के लिए 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत ₹111 करोड़ की लागत से अलवर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है जिससे स्टेशन अत्याधुनिक तो बनेंगे ही, राजस्थान की संस्कृति और स्थापत्य कला को भी समाहित करेंगे। अलवर बस स्टैंड और ट्रेन स्टेशन के आधुनिकीकरण से सरिस्का समेत पूरे अलवर लोकसभा क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा जिससे स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि तो होगी ही, अलवर भी देश समेत दुनिया के नक्शे पर उभरेगा।
यह स्टेशन अलवर को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन एवं रोजगार के लिए सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
मुझे व्यक्तिगत रूप से बहुत खुशी है कि 15 मई को ही ₹61 करोड़ की लागत से भिवाड़ी में बने 34 MLD सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य शहर में सीवरेज और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इस परियोजना से भिवाड़ी की जलभराव समस्या के समाधान में तो महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी ही, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह अभी भिवाड़ी की जलभराव की समस्या का एक तिहाई समाधान है।
इसके अगले भाग में एक तिहाई समस्या 34 MLD STP ट्रीटेड वाटर लाइन के पूरा होने पर हल हो सकेगी। ₹52 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाली इस वाटर लाइन के पूरा होने पर भिवाड़ी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी और यह क्षेत्र के जलस्तर को बढ़ाने में भी सहायक होगा।
शेष एक तिहाई समस्या पर भी हम हरियाणा सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस कड़ी में भिवाड़ी टी-पॉइंट से मसानी बैराज तक ₹150 करोड़ की लागत से लोड-बेअरिंग ड्रेन बनाया जाना स्वीकृत हो चुका है जो जमा होने वाले वर्षा जल को सीधे मसानी बैराज तक ले जाएगा। इस कार्य के लिए डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
हमने 15 मई को राजकीय बालिका महाविद्यालय, टपूकड़ा का लोकार्पण भी किया जो होंडा कंपनी द्वारा CSR के अंतर्गत ₹29 करोड़ की अनुमानित लागत से बनाया गया है। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि इस संस्थान से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बच्चियों को उच्च शिक्षा की आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें कोई दो राय नहीं कि हमारी बेटियां सशक्त होंगी तो ही राष्ट्र सशक्त होगा। मुझे उम्मीद है कि यह विद्यालय कई राष्ट्र निर्माता बच्चियों को तराशेगा। इस क्षेत्र की सभी बच्चियों और उनके अभिभावकों को इस संस्थान के लिए ढेरों बधाई।
अलवर लोकसभा क्षेत्र में आधुनिक डिजिटल शिक्षा हमारे बच्चों को मिल सके इसके लिए मैं अपनी संकल्पशक्ति और आपके सहयोग के साथ काम कर रहा हूँ। इस पाती के माध्यम से मैं Honda कंपनी का शिक्षा क्षेत्र में इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त करता हूँ। साथ ही मैं पूरे उद्योग जगत से आवाहन करता हूँ कि मूलभूत शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आगे आयें।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव