‘एक पाती अलवर के नाम’ | 01.06.2026

01/06/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

वर्ष 2024 में अलवर सांसद खेल उत्सव (ASKU) के अंतर्गत जिस खेल संस्कृति को पुष्पित और पल्लवित करने का संकल्प मैंने लिया था, बीते सप्ताह उसे एक और नया आयाम मिला। शनिवार, यानी 30 मई, को ओलंपिक्स में भारतीय ध्वज को ऊँचा कर चुके खिलाड़ी श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, जो राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं, और कुश्ती खिलाड़ी श्री योगेश्वर दत्त ने बहरोड़ में ASKU समर कैंप के प्रथम चरण का उद्घाटन किया।

इस चरण में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कोच प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी लड़कों को ट्रेनिंग देंगे। दूसरे चरण में प्रतिभाशाली बच्चियों की ट्रेनिंग होगी। यह बच्चे कैंप की निर्धारित अवधि में एक साथ रहते हैं और कोच से अपने चयनित खेल की पेचीदगियों तो सीखते ही हैं, लेकिन उसके साथ व्यक्तित्व विकास और तनाव को हराने की कला में भी विभिन्न क्षेत्र विशेषज्ञों के माध्यम से महारत हासिल करते हैं।

जून 2026 के इस कैंप में 609 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हम उन्नत प्रशिक्षण दिलाने का काम कर रहे हैं। हमारा प्रयास है इस कैंप में आने वाले बच्चे न सिर्फ बेहतर खिलाड़ी बल्कि बेहतर इंसान बनके निकलें।

मेरा मानना है कि जिस समाज की नींव मज़बूत होगी, वही समाज उन्नति कर सकेगा। मेरे युवा मित्र ही समाज की नींव हैं। इसलिए मैं न सिर्फ खेल, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी निरंतर प्रयासरत हूँ।

शनिवार को मैंने यह घोषणा भी की कि 10वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी विद्यालयों के 100 विद्यार्थियों के लिए मैं दो वर्ष की निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करूँगा, ताकि वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

शिक्षा हो या यात्रा की सुगमता, मैं अलवर लोकसभा क्षेत्र के लिए हर दिशा में प्रयास कर रहा हूँ।

बीते सप्ताह इसी दिशा में मैंने अपने एक और वादे को पूरा किया। खैरथल रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्याः 12249/12250) के ठहराव को स्वीकृति मिल गई है। यह क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है।

इससे दिल्ली, जयपुर और पश्चिम भारत के अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और भी सुदृढ़ होगी।

लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह मांग थी, जिसके पूरा होने से विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हमारे प्रयास आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेंगे।

विगत सप्ताह ज़िला परिषद ने विकास कार्यों को गति देते हुए ₹6.65 करोड़ की लागत से जिला कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस कार्य को डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी ज़िला उत्थान योजना के अंतर्गत भिवाड़ी इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIDA) के सहयोग से पूरा किया जाएगा।

यह कन्वेंशन सेंटर क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक आधुनिक और सुसज्जित मंच उपलब्ध कराएगा।

इसके निर्माण से भिवाड़ी की पहचान एक उभरते हुए औद्योगिक एवं शहरी केंद्र के रूप में और अधिक सशक्त होगी तथा स्थानीय स्तर पर नए अवसरों का सृजन भी होगा।

थानागाजी से कुशलगढ़ तक ₹20 करोड़ की लागत से सड़क के नवीनीकरण कार्य को भी विगत सप्ताह हरी झंडी दिखा दी गई।

इस महत्वपूर्ण सड़क के नवीनीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। विशेष रूप से, भर्तृहरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनेगी, जिससे इस प्रमुख धार्मिक स्थल तक पहुँच आसान होगी। बाबा भर्तृहरि की पावन तपोस्थली का समग्र विकास कर उसे श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुविधा संपन्न बनाना मेरी प्रतिबद्धता है।

बेहतर सड़क संपर्क से पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के गांवों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

यह परियोजना क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अगले सप्ताह खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुकी कई बड़ी हस्तियां समर कैंप में हमारे प्रतिभावान बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए मार्गदर्शन करेंगे।

जहाँ एक ओर बच्चों को इन महान लोगों से मिलकर अच्छा लगता है, वहीं मुझे आपको बताते हुए बहुत खुशी है कि बाहर से आए यह लोग भी अलवर की प्रतिभाओं को देख प्रभावित हो रहे हैं। अलवर हर क्षेत्र में तेज़ी से अपनी अलग, अनूठी और विशिष्ट पहचान बना रहा है।

 

आपका अपना

 

भूपेंद्र यादव