‘एक पाती अलवर के नाम’ | 06.07.2026

06/07/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

सोमवार का दिन इस पाती ने मेरे लिए खास बना दिया है। पूरे सप्ताह कभी आपके बीच और कभी आपसे कुछ दूर दिल्ली में या देश के किसी अन्य कोने से अलवर की सेवा का जो अवसर मिलता है वह मेरी ऊर्जा है। उन विकास कार्यों का समाचार सोमवार को आप तक पहुँचाना मेरे लिए विशेष आनंद का विषय है।

आपको यह जानकर बहुत खुशी होगी कि नगर पालिका नीमराना ने नगर वन विकसित करने के लिए 50 हेक्टेयर भूमि आरक्षित करने का आदेश जारी किया। यह नगर वन ₹4 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा।

यह नगर वन न केवल पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, प्रकृति से जुड़ने का अवसर और स्वस्थ जीवनशैली के लिए एक उत्कृष्ट हरित स्थल भी उपलब्ध कराएगा। साथ ही, यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने और विकसित भारत के हरित संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुझे विश्वास है कि जनभागीदारी और सभी के सहयोग से यह नगर वन नीमराना की पहचान बनने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बनेगा।

कई बार विकास कार्यों का वास्तविक मूल्यांकन केवल आवंटित राशि से नहीं, बल्कि उनके ज़मीनी प्रभाव और लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से पता चलता है। एक छोटी-सी पहल कई बार जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन लेकर आती है। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी हमारे ई-गुरुकुल ज्ञान वाहन अभियान से जुड़ी है।

तेज गर्मी के दिनों में हमारी टीम बहरोड़ की कच्ची बस्ती सिंघीवाल पहुँची। वहाँ कई ऐसे बच्चे मिले, जिन्होंने कभी विद्यालय नहीं देखा था। कुछ बच्चों ने तो स्कूल का नाम तक नहीं सुना था। यह देखकर मेरी टीम ने बच्चों के अभिभावकों से बात की। उन्हें शिक्षा के महत्व, सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के बारे में विस्तार से बताया। लगातार प्रयास, विश्वास और संवाद का परिणाम यह रहा कि 27 बच्चों का राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, नासरपुर में प्रवेश कराया गया।

मेरे लिए यहकेवल 27 बच्चों का विद्यालय में प्रवेश नहीं है, बल्कि 27 परिवारों के जीवन में आशा का संचार और 27 सपनों को नई उड़ान देने की एक प्रेरणादायक शुरुआत है। यही प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

जहाँ एक ओर ज्ञान वाहन शिक्षा का प्रकाश घर-घर तक पहुँचा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ई-गुरुकुल के माध्यम से अलवर के युवा आधुनिक डिजिटल शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं।

आपको यह बताते हुए मुझे गर्व का अनुभव हो रहा है कि ई-गुरुकुल से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 22 युवाओं का चयन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र की नौकरियों में हुआ है। यह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि उन युवाओं की मेहनत, उनके परिवारों के विश्वास और हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त परिणाम है।

इन सफलताओं ने यह सिद्ध किया है कि यदि सही मार्गदर्शन, आधुनिक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, तो ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के युवा भी किसी से पीछे नहीं रहते। मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में ई-गुरुकुल से निकलने वाले अनेक युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे तथा अलवर का नाम पूरे देश में गौरवान्वित करेंगे।

आपको यह बताते हुए मुझे गर्व का अनुभव हो रहा है कि ई-गुरुकुल लक्ष्मणगढ़ से 17 लड़के-लड़कियों ने विभिन्न परीक्षाएं पास कर नौकरियाँ पायीं हैं।

आप जानते हैं कि कल, यानी 5 जुलाई, मुझे अलवर लोकसभा क्षेत्र के मुण्डावर में आप सभी के बीच आने का अवसर मिला। इस अवसर पर हमने लगभग ₹16.95 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

इन विकास कार्यों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बावद सक्तपुरा के खेल मैदान की चारदीवारी का निर्माण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिहाली खुर्द के खेल मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, खो-खो एवं कबड्डी मैदान का निर्माण, क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

ये केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएँ, ग्रामीणों को सुदृढ़ आधारभूत सुविधाएँ तथा प्रत्येक परिवार को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। मुझे विश्वास है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मुण्डावर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यहाँ के नागरिकों को इनका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। हमारा संकल्प है कि विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे और उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

इन्हीं छोटे-छोटे प्रयासों से विकसित अलवर और विकसित भारत का सपना साकार होगा। मेरा विश्वास है कि हम मिलकर विकास, शिक्षा, पर्यावरण तथा जनकल्याण की इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। आपके आशीर्वाद और सहभागिता से हर सप्ताह अलवर की प्रगति की एक नई कहानी लिखी जाएगी।

 

आपका अपना

 

भूपेंद्र यादव