Read in English | Read in Hindi
सोमवार मेरे लिए आपसे संवाद का एक महत्वपूर्ण दिन बन चुका है। मेरे लिए आपसे संवाद केवल जानकारी साझा करना मात्र नहीं है, बल्कि विश्वास और सहभागिता की उस यात्रा का हिस्सा है, जिसे हम सब मिलकर तय कर रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि विकास केवल चंद योजनाओं का नाम नहीं, बल्कि हर उस परिवर्तन का नाम है जो आपके जीवन को बेहतर बनाता है।
अलवर लोकसभा क्षेत्र के विकास में जहाँ एक ओर परियोजनाओं का क्रियान्वयन शामिल है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियों की हर उपलब्धि भी इस विकास गाथा में एक नया अध्याय जोड़ती है।
बीते सप्ताह, मुण्डावर के ग्राम गादूवास में रहने वाले भारतीय सेना के वीर जवान श्री राजेश चौधरी जी के बेटे गौरव चौधरी को NEET-UG परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 9वीं रैंक मिली। मैं गौरव की इस सफलता से व्यक्तिगत रूप से प्रसन्न हूँ। जब हमारे युवा अपनी प्रतिभा से देशभर में अलवर का नाम रोशन करते हैं तब यह केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि पूरे अलवर की सामूहिक प्रगति का प्रतीक बन जाती है।
दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। मैं इस पाती के माध्यम से गौरव को हार्दिक बधाई देता हूँ। साथ ही यह प्रार्थना करता हूँ कि क्षेत्र का हर युवा अपने जीवन में सकारात्मकता, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़े।
आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बीते सप्ताह हमने अलवर शहर की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अंबेडकर नगर में ₹4.5 करोड़ की लागत से नए 33 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण को स्वीकृति दे दी गयी है। इस जीएसएस के बनने से अंबेडकर नगर, सामोला, मंगलम रेजिडेंसी, देवखेड़ा, रूपबास, हनुमान कॉलोनी, भगवान नगर, सौम्या विहार सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक विश्वसनीय एवं सुचारु होगी। लगभग 15 हजार उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा, साथ ही बिजली फॉल्ट में कमी आने से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी।
विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में हम अनेक और भी प्रयास कर रहे हैं। शहर की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। मुझे आपको बताते हुए खुशी हो रही है कि मेडिकल कॉलेज अलवर सब स्टेशन पर अगले एक महीने में 5 एमवीए क्षमता का तीसरा ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इससे सब स्टेशन पर विद्युत भार का संतुलन बेहतर होगा और लगभग 8 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यह पहल बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए शहर की बिजली व्यवस्था को अधिक सक्षम और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बीते सप्ताह अलवर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की संचालक मण्डल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें दुग्ध उत्पादक परिवारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अब दुग्ध उत्पादक परिवारों को सरस 'लाडो मायरा योजना' का लाभ प्राप्त करने के लिए तीन वर्ष तक प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। अब केवल एक वर्ष से दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्य किसान भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
पिछले लगभग एक वर्ष में सरस डेयरी के अंतर्गत 344 नई दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया गया है। इस निर्णय से इन समितियों से जुड़े हजारों दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान का एक नया द्वार खुला है। मेरा विश्वास है कि यह निर्णय अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ उनके परिवारों के जीवन में भी नई खुशियाँ और आत्मविश्वास लेकर आएगा।
इन प्रयासों का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि अलवर के प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। आपके विश्वास, सुझाव और सहभागिता से ही यह विकास यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव