Read in English | Read in Hindi
आप सभी को मेरी राम-राम ।
अलवर समेत पूरे राजस्थान के निकाय चुनावों के परिणाम भारतीय जनता पार्टी के लिए उत्साहजनक रहे हैं। आज संपन्न हुए मेयर, सभापति तथा अध्यक्ष के चुनावों में भी भाजपा ने जो जीत दर्ज की है वो ऐतिहासिक है। यह जीत राजस्थान में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल पर जनता की मुहर है। राजस्थान के 30 नगर निकायों में मेयर, सभापति एवं अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन होना इस व्यापक जनसमर्थन का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। अलवर लोकसभा क्षेत्र में भिवाड़ी, कोटकासिम तथा गोविंदगढ़ में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन उल्लेखनीय रहा।
निकाय चुनावों के ये परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि प्रदेश की जनता स्थानीय स्तर पर भी सुशासन, विकास और जनकल्याण की उसी दिशा को आगे बढ़ाना चाहती है, जिसे डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में गति दी है। मैं परिणामों के लिए अलवरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।
अलवर के निकाय चुनावों में भाजपा को मिली यह विजय केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर सुशासन, विकास और जनसेवा के संकल्प पर जनता के विश्वास की अभिव्यक्ति है। आज संपन्न हुए मेयर, सभापति और अध्यक्ष के चुनावों में भाजपा की जीत ने इस जनविश्वास को और मजबूत किया है।
अलवर लोकसभा क्षेत्र के 20 नगर निकायों में से भाजपा को 16 में शानदार सफलता मिली है। कांग्रेस को एक बार फिर जनता ने पूरी तरह नकारते हुए तीन निकायों पर समेट दिया है। जैसा की आप जानते हैं तिजारा का परिणाम अभी बाकी है। अलवर शहर से लेकर खैरथल, भिवाड़ी, बहरोड़, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़, नौगांव, टपूकड़ा, किशनगढ़ बास, मुंडावर और मांढ़ण तक भाजपा ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
मैं भारतीय जनता पार्टी के सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई देता हूँ। साथ ही उन सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूँ, जिन्होंने अथक परिश्रम और समर्पण के साथ संगठन की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया।
हर क्षेत्र की अपनी आवश्यकताएँ हैं और हर क्षेत्र का विकास हमारी जिम्मेदारी है।
जनता ने अपना आशीर्वाद दे दिया है। अब इस जनादेश को विकास के संकल्प में बदलने का समय है।
अलवर का अनवरत विकास मेरा उद्देश्य है और मन एवं विचार सदैव अलवर की उन्नति के साथ हैं।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव