‘एक पाती अलवर के नाम’ | 28.09.2026

28/09/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय के बाद अब एक बार फिर 'एक पाती अलवर के नाम' के माध्यम से आपसे विकास की बात करने का अवसर मिला है। अलवर लोकसभा क्षेत्र की 20 में से 16 नगर निकायों में भाजपा के अध्यक्षों का निर्वाचित होना जनता के विश्वास का प्रमाण है और इस नई जिम्मेदारी के साथ विकास को और गति देने का संकल्प भी है।

निकाय चुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता के कारण पिछले कुछ समय से मैं आपसे अलवर में चल रहे विकास कार्यों और नई परियोजनाओं की जानकारी साझा नहीं कर पा रहा था। अब चुनाव प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और आचार संहिता समाप्त हो गई है। इसलिए आज की पाती से हम फिर उसी क्रम को आगे बढ़ा रहे हैं।

आज एक बार फिर आपके साथ अलवर में स्वीकृत, प्रारंभ और पूर्ण हो रही विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा कर रहा हूँ। यह साप्ताहिक संवाद केवल कार्यों की जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि अलवर की विकास यात्रा में आप सभी को साथ लेकर चलने का मेरा प्रयास है।

आज का दिन इसके लिए और भी उपयुक्त है। आज खैरथल में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी ने राजस्थान के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा उद्घाटन किया, जिनमें लगभग ₹100 करोड़ की परियोजनाएँ अलवर लोकसभा क्षेत्र के विकास पर केंद्रित हैं।

इनमें प्रमुख है ₹39.75 करोड़ की लागत से भिवाड़ी मोड़ से खिजूरीवास टोल तक सड़क के नवीनीकरण एवं सौंदर्याकरण की परियोजना। भिवाड़ी क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के साथ-साथ यह परियोजना सड़क की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी क्रम में ₹11.10 करोड़ की लागत से कठूमर से डेहरा मोड़ (वाया मसारी, भरीथल होते हुए अटारी) तक 18 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण के कार्य का शिलान्यास भी आज हुआ। यह परियोजना कठूमर क्षेत्र के साथ-साथ अलवर और भरतपुर के बीच बेहतर सड़क संपर्क को मजबूत करेगी और स्थानीय आवागमन को सुगम बनाएगी।

खैरथल में आज का कार्यक्रम कोई संयोग मात्र नहीं था। क्षेत्र में ₹13.23 करोड़ की लागत से विभिन्न सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण भी हुआ, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और आवागमन को सुगम बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाएँ शामिल हैं। इनमें ₹2 करोड़ की लागत से ग्राम ततारपुर में SH-14 रायपुर मोड़ से हरी टेलर के घर होते हुए भवानी बदसीवाल के घर तक CC रोड (अटल पथ) का निर्माण तथा ₹2 करोड़ की लागत से ग्राम गुवाड़ा में अमीन नाई के घर से टाइल रोड तक अटल प्रगति पथ का निर्माण प्रमुख है।

इन परियोजनाओं से स्थानीय आवागमन बेहतर होगा और गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी। खैरथल में एक ही अवसर पर इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण इस बात को भी दर्शाता है कि क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी पर भी हम पूरी संकल्पशक्ति के साथ कार्यरत हैं।

जहाँ आज का दिन अलवर के लिए विशेष सौगातें लेकर आया वहीं बीता रविवार, यानी 27 सितंबर, भी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। कल शाम पहली बार जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस मालाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर रुकी। मैं स्वयं जनकल्याण की दृष्टि से इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। मैंने मालाखेड़ा की जनता के साथ ट्रेन के ठहराव के बाद उसे हरी झंडी दिखाकर आगे की यात्रा के लिए रवाना किया। लम्बे समय से यह क्षेत्र के लोगों की मांग रही है और मुझे खुशी है कि कल मैं इस मांग को पूरा करने में सफल रहा।

मालाखेड़ा स्टेशन के कार्यक्रम से पहले मैंने कुशालगढ तिराया से थैय्यू बोर्ड वाया भर्तृहरि तक 18 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य ₹16.46 करोड़ की लागत से पूरा किया जाएगा।

प्रतापबाँध से माँच का तिराया तक 4 किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन भी किया। यह कार्य ₹1.20 करोड़ की लागत से पूरा किया गया है।

यह सड़क लंबे समय से अत्यंत क्षतिग्रस्त अवस्था में थी और इसके निर्माण की मांग ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही थी। अलवर शहर को माँच का तिराया, डडीकर और आसपास के गांवों से जोड़ने वाली इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन अधिक सुगम होगा। साथ ही, मार्ग में स्थित प्रसिद्ध आड़ा-पाड़ा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

इन परियोजनाओं की यह श्रृंखला इस बात का प्रमाण है कि अलवर लोकसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, रेल, कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े ये कार्य हमारे क्षेत्र को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आने वाले समय में भी अलवर के हर क्षेत्र, हर गांव और हर वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव