‘एक पाती अलवर के नाम’ | 19.10.2026

19/10/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

महानवमी के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। माँ दुर्गा की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो तथा शक्ति, साहस और सकारात्मकता के साथ हम सभी अपने परिवार, समाज और अलवर की उन्नति में अपना योगदान देते रहें।

सप्ताहांत पर मुझे आपके बीच रहने का और आपसे संवाद का अवसर मिला। यह मेरे लिए सदैव सीखने, समझने और आपकी अपेक्षाओं तथा आकांक्षाओं को जानने का अवसर होता है।

इन्हीं संवादों के आधार पर मैं अलवर के विकास के लिए काम करता हूँ और हर सप्ताह की शुरुआत, यानी सोमवार को, आपको इन कार्यों का एक रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत करता हूँ।

अलवर और खैरथल क्षेत्र के विकास की दिशा में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार एक महत्वपूर्ण कदम है। मुझे आप सभी के साथ यह जानकारी साझा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि भारतीय रेल ने गाड़ी हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस (संख्या 14326/14325) और हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14328/14327) शुरू करने का फैसला लिया है। यह दोनों पूर्णतः वातानुकूलित ट्रेनें अलवर और खैरथल होकर चलेंगी।

इस निर्णय से खैरथल, अलवर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। धार्मिक स्थलों की यात्रा के साथ-साथ पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने और लोगों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक होगा।

मेरा निरंतर प्रयास है कि अलवर लोकसभा क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार हो और विकास का लाभप्रत्येक क्षेत्र एवं नागरिक तक पहुँचे, ये ट्रेनें मेरे उसी प्रयास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, जिनसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और अलवर के विकास को नई गति मिलेगी।

आप सभी जानते हैं कल, यानी 18 अक्टूबर 2026 को, अलवर टाइगर मैराथन 3.0 की नई वेबसाइट को राजस्थान सरकार में मंत्री और अलवर के विधायक श्री संजय शर्मा और मेयर श्रीमती सुमनलता अग्रवाल ने लॉन्च किया। मुझे बहुत खुशी है कि केवल दो वर्षों में अलवर के लोगों ने इस आयोजन को जिस उत्साह और अपनेपन के साथ अपनाया है, उसने अलवर टाइगर मैराथन को एक व्यापक स्वरूप दिया है। जहाँ 2025 के पहले संस्करण में 8 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, वहीं 2026 के दूसरे संस्करण में प्रतिभागियों की संख्या दोगुनी से ज्यादा बढ़कर 20 हजार हो गई। यही नहीं, हमने मिलकर इस मैराथन को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचा दिया है।

इस उपलब्धि का श्रेय अलवर के नागरिकों, हमारे धावकों, स्वयंसेवकों, प्रशासन, स्थानीय संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और इस आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को जाता है।

अब हम अलवर टाइगर मैराथन 2027 की ओर बढ़ रहे हैं, जिसका आयोजन 7 फरवरी 2027 को होगा। इस बार मैराथन की एक विशेषता इसका नया रूट होगा, जो अलवर शहर के भीतर से होकर गुजरेगा। इससे शहर के अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन से सीधे जुड़ने, धावकों का उत्साह बढ़ाने और इस मैराथन को पूरे अलवर के उत्सव के रूप में मनाने का अवसर मिलेगा। मैं आप सभी से इस आयोजन की भव्यता को बढ़ाने के लिए अपना योगदान देने का आह्वान करता हूँ।

हम भिवाड़ी में भी लगातार विकास कार्यों को गति दे रहे हैं। इसी दिशा में भिवाड़ी के सैदपुर के निकट 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क के समग्र विकास कार्य के लिए ₹10.24 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ, नालियों और पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

इस कार्य से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी। पैदल चलने वाले नागरिकों को सुरक्षित फुटपाथ मिलेंगे, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था से जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और हरित पट्टी से सड़क के आसपास का वातावरण भी बेहतर बनेगा। साथ ही, व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा से यातायात का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी।

भिवाड़ी जैसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक सड़क अवसंरचना का विस्तार न केवल नागरिकों की दैनिक सुविधाओं को बेहतर बनाएगा, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।

अलवर के युवाओं और बच्चों को खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नगर विकास न्यास, अलवर द्वारा न्यास योजना हसन खां मेवात नगर में ₹98 लाख की लागत से स्केटिंग ट्रैक के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस ट्रैक के माध्यम से बच्चों और युवाओं को स्केटिंग के प्रशिक्षण एवं नियमित अभ्यास के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी ।

खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस प्रकार की खेल सुविधाओं से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा और वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

अलवर का विकास केवल सड़कों, रेल सुविधाओं और आधारभूत ढाँचे के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना भी इसका अभिन्न हिस्सा है। मेरा प्रयास है कि विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे और इसका लाभ अलवर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचे ।

आगामी विजयादशमी (दशहरा) के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सद्भाव लेकर आए तथा हम मिलकर एक विकसित, समृद्ध और खुशहाल अलवर के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते रहें।

आप सभी का विश्वास, सुझाव और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। इसी विश्वास के साथ, अलवर की उन्नति और जनसेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव